साइकिल सवार को रौंदते हुए नहर में जा गिरी कार
मुरादनगर। गंगनहर कांवड़ मार्ग पर बुधवार सुबह साढ़े सात बजे डिडौली गांव के पास एक अनियंत्रित कार साइकिल सवार को रौंदते हुए पैरापट दीवार को तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कार सवार लोगों की तलाश शुरू की। पुलिस ने क्रेन की मदद से नहर से कार को बाहर निकाला। हादसे में साइकिल सवार सिक्योरिटी सुपरवाइजर की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार सवार लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम लगी हुई थी। निवाड़ी थानाक्षेत्र के पैंदा गांव निवासी विपिन कुमार(40)पुत्र पीतम सिंह मुरादनगर गंगनहर पुल के पास स्थित एक होटल में सिक्योटिरी सुपवाइजर था, वह बुधवार सुबह करीब सात बजे साइकिल से गांव लौट रहा था। करीब साढ़े सात बजे गंगनहर पटरी पर डिडौली के पास पीछे से आ रही कार ने विपिन को रौंद दिया और अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के करीब एक घंटे बाद निवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में साइकिल सवार सिक्योरिटी सुपरवाइजर विपिन को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी आदेश देवी, बेटा ललित(18), छोटू(14), बेटी शिवानी(16)है, परिवार में वह अकेला कमाने वाला था। पुलिस ने क्रेन और गोताखोरों की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला। थाना प्रभारी अभेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है।
------------
कार से मिले पहचान पत्र
कार्यवाहक थाना प्रभारी अभेंद्र सिंह ने बताया कि क्रेन और गोताखोरों की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार से दीपक शर्मा निवासी कुराली थाना जानी का डीएल, नितिन जैन निवासी दौराला मेरठ का पहचान पत्र, एक महिला का बैग और बच्चों के कपड़े मिले। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक कार को मुल्तान नगर, मेरठ का रहने वाला हिमांशु(23) चला रहा था। हिमांशु अपने मामा घर से वापस आ रहा था । यह पता नहीं चल सका है कि कार में हादसे के समय कितने लोग सवार थे।
-----------
गोताखोरों ने सुबह से शाम तक की तलाश
गंगनहर में एक दर्जन से अधिक गोताखोरों शाम तक कार सवार लोगों की तलाश करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया गया है कि नहर में बहा कार सवार हिमांशु सिविल परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
गंगनहर पटरी पर बनी जाम की स्थिति
हादसे के बाद गंगनहर पटरी पर लोगों का भीड़ लग गई। मार्ग से निकलने वाले लोग भी गाड़ी रोककर हादसे के बारे में जानकारी लेते नजर आये। इसके चलते गंगनहर मार्ग पर दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रही।