मेरठ। मोबाइल पर मिस्ड कॉल से दोस्ती और प्यार की शुरुआत हुई और जब भेद खुला तो युवती पड़ोसन निकली। युवक ने दोस्ती खत्म करने की बात कही तो आरोप है कि युवती ने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। शादी न करने पर परिजनों सहित झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने लगी। युवती के डर से युवक ने घर छोड़ दिया। बुधवार को युवक एसपी क्राइम की शरण में पहुंचा और कार्रवाई की गुहार लगाई।
पीड़ित युवक के अनुसार कुछ माह पूर्व उसके मोबाइल पर मिस्ड कॉल आई। कॉल बैक करने पर युवती ने अपना नाम बताया। दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई। बाद में बातचीत में पता चला कि युवती तो पड़ोस की ही रहने वाली है। युवक ने उससे बात करने से मना किया तो आरोप है कि युवती ब्लैकमेल कर शादी करने का दबाव बनाने लगी। मामला परिवार तक पहुंचा तो युवक को परिवार से बेदखल कर दिया गया।
युवक के मुताबिक मामला बढ़ने पर सम्मानित लोगों ने पिछले साल फैसला करा दिया और युवती से युवक के हाथ में राखी बंधवा दी। आरोप है कि हाल में युवती फिर से अपने परिजनों के साथ घर आ धमकी और युवती को जबरन घर में रखने के लिए दबाव बनाने लगे। युवक का आरोप है कि युवती पहले भी मोहल्ले के एक युवक के साथ ऐसा कर चुकी है। युवक ने एसपी क्राइम से पूरे मामले की जांच करवाने की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। एसपी क्राइम ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।