मेरठ। जली कोठी में शनिवार को दिल्ली पुलिस पर जानलेवा हमला कर आरोपी को महिलाओं ने छुड़ा लिया। पुलिस जैसे तैसे कर वहां से भागी और वारदात के बारे में देहली गेट पुलिस को बताया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में फिर दबिश दी। लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
एसओ देहलीगेट विजय गुप्ता के मुताबिक जली कोठी निवासी शादाब उर्फ बाबू के खिलाफ वाहन चोरी में शाहदरा थाने में मुकदमा दर्ज है। शनिवार दोपहर दिल्ली पुलिस बिना कोई जानकारी दिए आरोपी शादाब की तलाश में जली कोठी उसके घर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया था। तभी महिलाओं ने हंगामा करते दिल्ली पुलिस पर हमला कर दिया।
महिलाओं ने शादाब को पुलिस से छुड़ा लिया। मामले तूल पकड़ने लगा तो पुलिस वहां से जान बचाकर थाने पहुंची। पुलिस पर हमले की सूचना पर देहली गेट थाने से मनोज कुमार पुलिस फोर्स लेकर आरोपी के घर पहुंचे। लेकिन वहां पर कोई नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी और उसके परिवार के खिलाफ दिल्ली पुलिस पर हमले के मामले में केस दर्ज कर लिया हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है।