मेरठ। पुलिस मुठभेड़ में मारे गए 50 हजार के इनामी सुजीत के बाद अब शूटर नितिन पुलिस के रडार पर है। एसओ और पुलिस टीम पर फायरिंग करके भागे नितिन पर जानलेवा हमले का केस दर्ज हुआ है। इससे पहले नितिन पर आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि अक्तूबर 2016 में सरूरपुर के गांव हसनपुर रजापुर निवासी व्यापारी मनोज गुप्ता की रंगदारी को लेकर हत्या कर दी गई थी। हत्या में सुमित जाट, नितिन निवासी रोहटा और बिट्टू उर्फ विनय जेल गए थे। सुमित फिलहाल जेल में है जबकि नितिन बाहर था। शनिवार रात सरूरपुर के जंगल में पुलिस ने सुमित के भाई 50 हजार के इनामी सुजीत की घेराबंदी की तो उसके साथ मौजूद नितिन ने पुलिस पर फायरिंग की थी। इस दौरान सुजीत तो मारा गया। लेकिन नितिन ईख के खेतों से होकर फरार हो गया था। शूटर नितिन ने सुमित जाट के साथ मिलकर कई घटनाओं को अंजाम दिया।
25 हजारी विपिन भी मुसीबत
हसनपुर रजापुर निवासी गवाह सावित्री की हत्या के बाद से हसनपुर रजापुर निवासी 25 हजार का इनामी विपिन भी फरार है। सुमित के भाई सुजीत को ढेर करने के बाद पुलिस इस गैंग के नेटवर्क को तोड़ने में जुट गई है। विपिन की गिरफ्तारी के लिए सरधना, सरूरपुर, रोहटा, जानी एसओ के अलावा क्राइम ब्रांच भी लगी है।
खत्म करेंगे खौफ
एसएसपी मंजिल सैनी के अनुसार देहात क्षेत्र में अपराधियों का खौफ खत्म किया जाएगा। एसपी देहात को ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।