पुलिसकर्मी बनकर बदमाशों ने दंपति से की लूट
मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में कंपनी गार्डन के पास मंगलवार सुबह बाइक सवार चार बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दंपति से ज्वैलरी लूट ली। विरोध करने पर मारपीट की और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वहीं पुलिस इसे ठगी का मामला बता रही है।
रुड़की रोड स्थित गोल्डन एवेन्यू कॉलोनी निवासी आरके बंसल की पीएल शर्मा रोड पर कावेरी कांप्लेक्स में फोटो स्टेट की दुकान हैं। उनकी पत्नी मिथलेश बंसल भी उनके साथ दुकान का कामकाज देखती हैं। आरके बंसल का कहना है कि मंगलवार सुबह वह अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से दुकान जा रहे थे। कंपनी गार्डन के पास पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। इस बीच दूसरी बाइक से दो अन्य युवक भी वहां आ गए। उन्होंने बताया कि वह पुलिस में है और गश्त कर रहे हैं। शहर में आए दिन लूटपाट हो रही है, ज्वैलरी पहनकर सड़क पर निकलना खतरे से खाली नहीं है। इसके बाद उन्होंने महिला के हाथ से सोने के तीन कड़े, चेन और अंगूठी उतरवा ली। जबकि महिला के पति की भी अंगूठी उतरवा ली।
इस बीच बदमाशों ने महिला से ज्वैलरी लूट ली। विरोध करने पर मारपीट की और पिस्टल तानते हुए जान से मारने की धमकी दी। बाद में बदमाश बाइक से मोदीपुरम की तरफ फरार हो गये। सूचना पर लालकुर्ती इंस्पेक्टर रघुराज सिंह और सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने लालकुर्ती थाने में लूट की तहरीर दी है। वहीं इंस्पेक्टर लालकुर्ती रघुराज सिंह का कहना है कि दंपति से लूट नहीं ठगी हुई है। जेवर उतरवाने के बाद एक पुड़िया में रखे और और दूसरी पुड़िया थमा दी। बाद में महिला के पति ने देखा तो ठगी का पता चला। तहरीर के आधार पर ठगी का मामला दर्ज कर लिया।
ये पहली घटना नहीं है
रुड़की रोड पर दंपति के साथ पुलिसकर्मी बनकर लूटपाट की मंगलवार को हुई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शहर में लुटेरे पुलिसकर्मी बनकर महिलाओं से जेवर उतरवाकर लूटपाट कर चुके हैं। शास्त्रीनगर में एक माह पहले शिक्षिका से बदमाशों ने पुलिसकर्मी बनकर लूटपाट की थी। नौचंदी मैदान के पास भी लूटपाट की थी।