-कुख्यात सुनील राठी के साथ जेल में हैं तीनों बदमाश
मेरठ।
माफिया मुन्ना बजरंगी की हत्या में कुख्यात सुनील राठी के साथ तीन अन्य बदमाश शामिल होने बताए गए हैं। पुलिस की जांच में दो बदमाश बागपत और एक बदमाश मुजफ्फरनगर का बताया है। यह तीनों बदमाश राठी के साथ बागपत जेल में बंद हैं।
बागपत जेल में पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या सुपारी देकर कराई जाने की चर्चा है। जेल में पिस्टल और हत्या में सुनील राठी के साथ कौन-कौन थे। इसकी जांच कराने में पुलिस के साथ एसटीएफ को भी लगाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बागपत जेल में सुनील राठी का गैंग चल रहा है। गिरोह में मुजफ्फरनगर व बागपत के बदमाश शामिल हैं। मुन्ना बजरंगी की हत्या में राठी के साथ रवि समेत तीनों बदमाशोें के नाम भी पुलिस को पता चल गए हैं।
जेल में तीनों बदमाशों से पूछताछ की गई। आरोपियों के नाम सामने आए तो पुलिस ने उनकी कुंडली खंगाल ली। पुलिस ने बताया कि यह तीनों आरोपी सुनील राठी के साथ वारदात में थे। हालांकि पुलिस के अधिकारी अभी आरोपियों के नामों की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। एडीजी मेरठ जोन प्रशांत कुमार का कहना है कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस की विवेचना में जो सामने आएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। पुलिस ने जेल में भी कई बंदियों से पूछताछ की है।