मेरठ। आसिफ हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार एक महिला ने शादी से पहले हुए दुष्कर्म और शादी के बाद होने वाले ब्लैकमेल से आजिज आकर अपने पति की सहायता से इस वारदात को अंजाम दिया था। दंपति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय, एसपी सिटी रणविजय सिंह, एसपी क्राइम शिवराम यादव और एएसपी कैंट सतपाल सिंह ने आसिफ हत्याकांड का बृहस्पतिवार को खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि रेलवे रोड क्षेत्र अंतर्गत मकबरा अबू निवासी आसिफ (28) पुत्र नसरुद्दीन 24 मई की शाम तराबी पढ़ने की बात कहकर बाइक से निकला था और लापता हो गया था। 25 मई को परिजनों ने थाना रेलवे रोड पर उसकी गुमशुदगी दर्ज करायी थी। 26 मई को आसिफ का उसी की बाइक से बंधा हुआ शव लोहियानगर स्थित काली नदी से बरामद हुआ था।
यह बतायी गयी वजह
एसएसपी के अनुसार आसिफ की हत्या में गिरफ्तार महिला ने बताया कि आसिफ ने करीब तीन साल पहले उसके साथ दुष्कर्म किया था। उस समय आसिफ के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। उसके बाद उसकी शादी हो गई थी। लेकिन शादी होने के बाद भी आसिफ उसे परेशान करता था। छेड़छाड़ करता था तो कभी हाथ पकड़कर खींच लेता था। उसने यह बात अपने पति को बतायी थी, जिसके बाद दंपति ने आसिफ की हत्या का प्लान बनाया था।
ऐसे की थी हत्या
हत्या के आरोपी दंपति ने बताया कि 24 मई की रात को जब आसिफ तराबी पढ़ने जा रहा था तो महिला ने प्लानिंग के तहत उसे किसी बहाने से घर बुलाया था। आसिफ को शराब में जहरीला पदार्थ दिया गया था। फिर उसकी आंखों में मिर्च झोंक दी गई थी। उसके बेहोश होने पर उसे उसकी बाइक पर रस्सी से बांधकर दंपति लोहियानगर ले गया था। जहां आसिफ को बाइक समेत नहर में फेंक दिया था। जहां आसिफ की मौत हो गई थी।
हरकतों से नहीं आ रहा था बाज
एसएसपी ने आरोपी दंपति को मीडिया के सामने पेश किया। हत्यारोपी अदनान ने बताया कि शादी के दौरान उसकी पत्नी ने उसे बताया था कि आसिफ ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। यह सुनकर भी मैंने उसे स्वीकार कर लिया था। लेकिन आसिफ अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह बार-बार उसकी पत्नी पर दबाव डालता था। वह उसको ब्लैकमेल करता था। उसको मारना हमारी मजबूरी था।
थाने में हुआ हंगामा
आसिफ के परिजनों ने पुलिस के खुलासे पर सवाल उठाकर रेलवे रोड थाने में हंगामा किया। आरोप लगाया कि पुलिस ने फर्जी खुलासा किया है। असली मुल्जिम दूसरे हैं। अदनान हत्या नहीं कर सकता। एसओ रेलवे रोड विनोद कुमार ने अदनान का पीड़ित परिवार से आमना-सामना कराया। अदनान ने बताया कि आसिफ की हत्या उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर की। तब जाकर पीड़ित परिवार को यकीन आया।