मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से एक किराना व्यापारी की बेटी का दूसरे समुदाय के युवक ने अपहरण कर लिया। परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। परिजनों को अंदेशा है कि आरोपी उनकी बेटी का जबरन धर्म परिवर्तन करा सकता है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने पर एलआईयू ने भी मामले की जानकारी ली।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से एक किराना व्यापारी की बेटी 19 जनवरी से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पिता के अनुसार उनकी बेटी सुबह आठ बजे पड़ोस में ही दूध लेने गई थी, लेकिन उसके बाद से वापस नहीं लौटी। उन्होंने अपने स्तर से जानकारी जुटाई तो पता चला कि समर गार्डन निवासी शाहरुख नाम के युवक ने युवती का अपहरण किया है। जिसके बाद परिजनों ने रविवार को लिसाड़ी गेट थाने पहुंचकर शाहरुख के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
युवती के पिता ने आशंका जताई है कि आरोपी युवक उसकी बेटी का धर्म परिवर्तन करा सकता है। उसने पुलिस से बेटी की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। क्षेत्र में ये मामला चर्चाओं में है। इसका पता चलने पर रविवार को एलआईयू टीम भी मोहल्ले में पहुंची और जानकारी जुटाई। लिसाड़ी गेट थाने के एसएसआई ने बताया कि शैक्षिक प्रमाणपत्रों के अनुसार लड़की बालिग है। परिजनों की तहरीर के आधार पर समर गार्डन निवासी शाहरुख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
परिजनों को ऐसे हुआ शक
पिता ने बताया कि मोहल्ले की एक युवती ने कई बार उनके घर आकर उनकी बेटी के बारे में पूछा। इस दौरान बेटी घर पर नहीं मिली। एक बार उन्होंने देखा कि वो लड़की उनके घर बेटी के बारे में पूछने आई। इसके बाद मोहल्ले में ही एक सैलून में आने वाले युवक से कुछ बातचीत की। तभी उन्हें उस लड़की पर शक हुआ। 19 जनवरी को बेटी गायब हुई तो उन्होंने अपना शक पुलिस से जताया। पिता के अनुसार पुलिस ने उस युवती से पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया। इसके बाद उन्होंने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई।
- लिसाड़ी गेट का मामला, दूसरे समुदाय के खिलाफ केस दर्ज