मेरठ। निकाय चुनाव को लेकर पुलिस अफसरों ने कमर कस ली है। जिले के 15 हजार लोगों से चुनाव के दौरान माहौल बिगड़ने की आशंका है। थाना स्तर पर बवालियों को चिह्नित कर पुलिस ने मुचलका पाबंद की कार्यवाही तेज कर दी है।
रविवार को पुलिस लाइन में चुनाव सेल के नोडल अधिकारी/एसपी देहात राजेश कुमार ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों की बैठक लेते हुए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शहर के अलावा सरधना और मवाना नगर पालिका है। जबकि देहात में 13 नगर पंचायतें हैं। शहर को लेकर 16 नगर निकायों में 316 वार्ड हैं। 511 मतदान केंद्रों में 1371 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। चुनाव के लिए 39 जोन और 145 सेक्टर बनाए गए हैं। निकाय चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लगने के बाद अभी तक इसके उल्लंघन के चार मामले दर्ज हुए हैं।
10 साल का रिकॉर्ड खंगाला
एसपी देहात के अनुसार पिछले दस साल का रिकॉर्ड देखते हुए 15 हजार लोगों को चिह्नित किया गया है। यह लोग चुनाव में माहौल बिगाड़ने की साजिश कर सकते हैं। इन सभी लोगों पर थाना पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आचार संहिता के समय से 46 अवैध हथियार और 120 कारतूस बरामद किए गए हैं। जिन 15 हजार लोगों को थाना स्तर पर चिह्नित किया गया है, उनमें 11 हजार 171 लोगों को मुचलका पाबंद किया जा चुका है। 323 लोगों पर शांतिभंग में कार्यवाही की गई है। तीन लोगों पर रासुका और 122 के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुए हैं। 15 लोगों पर गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई कर 34 लोगों को अवैध शस्त्र के मामले में जेल भेजा गया है। 70 पर गुंडा एक्ट और पांच अपराधियों को जिला बदर किया गया है। जो वांछित या पुराने मामले में फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारियों को 18 नवंबर तक का समय दिया गया है।
क रनावल, किठौर, लावड़ अतिसंवेदनशील:
देहात में करनावल, किठौर और लावड़ को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। शहर में 18 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। जहां पैरामिलेट्री फोर्स और पीएसी की तैनात रहेगी। अति संवेदनशील क्षेत्रों की जिम्मेदारी सीओ को दी गई है। जहां थाना पुलिस और जनता के साथ मीटिंग कर पुराने मामलों को निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।
आठ हजार पुलिसकर्मियों की लगेगी ड्यूटी:
निकाय चुनाव के लिए आठ हजार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगेगी। इसके लिए 48 थाना प्रभारी/इंस्पेक्टर, 748 दरोगा, 176 एचसीपी, 3112 सिपाही, 3621 होमगार्ड, पांच कंपनी पीएसी और दो कंपनी आरएएफ लगेगी। यूपी पुलिस के अलावा दस कंपनी फोर्स मांगी गई थी। लेकिन अभी तक दो कंपनी आरएएफ ही चुनाव के लिए मिलने का आदेश हुआ है।
शराब के खिलाफ अभियान
आचार संहिता लगने से दस नवंबर तक जिले में 57 सौ लीटर अवैध शराब पक ड़ी जा चुकी है। परीक्षितगढ़, किठौर और हस्तिनापुर क्षेत्र में 13 अवैध शराब की भट्ठी तोड़ी गई है।
जमानत तुड़वाकर जेल गए बदमाश
सीओ दौराला पंकज कुमार सिंह के अनुसार चुनाव के दौरान सख्ती होने पर जमानत पर छूटे अपराधी वकार सैफी निवासी फाजलपुर, अर्जुन निवासी गांव जंगेठी, सुरेश पाल निवासी जंगेठी, प्रमोद निवासी झिंझोखर, शौकीन निवासी माधो सरधना, अरुश शर्मा निवासी श्रद्धापुरी, पंकज निवासी रोहटा, मनीष निवासी रोहटा, विपुल निवासी सैनिक विहार आदि जमानत तुड़वाकर जेल चले गए। इन सभी के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, बलवा आदि धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, हिस्ट्रीशीटर व लुटेरों की अपडेट रिपोर्ट इंस्पेक्टर से मांगी गई है।