गैंगरेप पीड़िता को दी तेजाब डालने की धमकी
मेरठ। गैंगरेप पीड़िता को समझौता नहीं करने पर तेजाब डालने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता इंसाफ के लिए पुलिस चौकी और थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर रही। पीड़िता का आरोप है कि सीओ से शिकायत करने पर तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। दो माह में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
पीड़ित महिला लिसाड़ीगेट क्षेत्र के फतेहउल्लापुर रोड की रहने वाली है। पीड़िता का आरोप है कि 12 मई को वह घर पर अकेली थी। इस दौरान आसिफ और जुबैर घर में घुस गए और उसके साथ गैंगरेप किया। पुलिस ने जुबेर को जेल भेज दिया था। महिला का आरोप है कि फरार आरोपी आसिफ समझौता नहीं करने पर तेजाब फेंकने की धमकी दे रहा है। महिला बुधवार को पिलोखड़ी चौकी गई, उसके बाद लिसाड़ीगेट थाने में पहुंचकर शिकायत की। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि शुक्रवार को वह पिलोखड़ी चौकी पर पहुंचकर केरोसिन डालकर आत्मदाह कर लेगी। पीड़िता का आरोप है कि जब वह रिपोर्ट लिखाने गई थी तो पुलिस ने अभद्रता की।
खास बातें
पीड़िता ने दी पुलिस चौकी पर आत्मदाह की चेतावनी, आरोपी समझौता करने के लिए डाल रहा है दबाव