नहर में डूबे युवक का शव मिला
- सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसलने से गंगनहर में गिर गया था युवक
मवाना। कुड़ी कमालपुर नहर झाल पुल पर सेल्फी लेने के दौरान डूबे लावड़ निवासी युवक का दूसरे दिन शव मिल सका। शव मिलने पर घर में कोहराम मच गया। पुलिस को बिना जानकारी दिए परिजन शव को अपने साथ ले गए।
परिजनों के अनुसार लावड़ निवासी अखलत पुत्र इकबाल सोमवार को मवाना के मोहल्ला तिहाई निवासी मौसरे भाई जुनेद के साथ कुड़ी कमालपुर नहर झाल पुल के मध्य गंग नहर पर ताबीज पानी में डालने गया था। सेल्फी लेने के दौरान अखलत का पैर फिसल गया और वह नहर जा गिरा। काफी तलाश के बाद भी देर रात तक अखलत का शव नहीं मिल सका था। मंगलवार सुबह परिजनों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को ढूंढने का प्रयास किया। लगभग 9 बजे युवक का शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर गोताखोरों को मिल गया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को ले गए और सुपुर्द ए खाक कर दिया । थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद ने बताया कि परिजन शव मिलने के बाद बिना सूचना के अपने साथ ले गए। परिजनों ने बाद में पुलिस को सूचित करते हुए पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।