नल से पानी भरने पर भाइयों में संघर्ष, एक को लगी गोली
मोदीनगर। निवाड़ी थाना क्षेत्र के अबूपुर गांव में सरकारी नल से पानी भरने को लेकर दो भाइयों में संघर्ष हो गया। इस दौरान चली गोली से एक भाई युवक घायल हो गया। उसे गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली पुलिस ने मारपीट व बलवे के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
निवाड़ी थाना क्षेत्र के अबूपुर गांव में नरेंद्र कुमार परिवार के साथ रहते हैं। किसी बात पर नरेंद्र का अपने भाइयों से विवाद चल रहा है। दो दिन पूर्व नरेंद्र की पत्नी अलका घर के पास लगे सरकारी नल पर पानी भरने गईं थीं। इस दौरान उसका पति के भाई से झगड़ा हो गया। झगड़ा बढ़ने पर दोनों परिवार के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट की। संघर्ष के दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने गोली चला दी जो कि नरेंद्र के पैर में जा लगी। घायल हुए नरेंद्र को गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। थानाप्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अलका की तहरीर पर जितेंद्र, राजेंद्र, मोहित, दीपक, रोहित, सुनील के खिलाफ मारपीट व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।