थानाभवन (शामली)। जलालाबाद क्षेत्र के इरशादपुर मार्ग पर रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ में एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश और सिपाही का कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश मुजफ्फरनगर जेल से फरार हो गया था।
थानाभवन के मोहल्ला शाहलाल निवासी दिलशाद उर्फ निन्ना का पुलिस ने कुछ दिन पूर्व आर्म्स एक्ट में चालान किया था। इसके बाद कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को मुजफ्फरनगर जेल भेज दिया था। 31 मई को दिलशाद जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया था। आरोपी के भागने से पुलिस में हड़कंप मच गया था। मुजफ्फरनगर पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश कर रही थी। इस मामले में मुजफ्फरनगर पुलिस ने शामली पुलिस को भी आरोपी की तलाश में लगा दिया था। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलेगी एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक कादरगढ़ पुलिस चौकी की ओर आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने युवकों को रोकने का प्रयास किया दो तो बाइक सवार हसनपुर लुहारी की तरफ दौड़ पड़े इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और बदमाश लुहारी से जलालाबाद की भागने लगे। आगे इरशादपुर मार्ग पर बदमाशों की बाइक फिसल गई। इस पर पुलिस व बदमाशों के बीच फायरिंग हो गई। फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही अंकुश भी गोली लगने से घायल हो गया। वंही बाइक सवार दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश ने अपना नाम दिलशाद उर्फ निन्ना निवासी थानाभवन बताया। फिलहाल पुलिस फरार बदमाश की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम
पुलिस अधीक्षक ने मुजफ्फरनगर से भागे बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।