शाम को पांच घंटे तक एसपी सिटी करते रहे पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। एनएच 58 स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप ईख में दलित महिला की दुष्कर्म के बाद ईंटों से कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस परिवार की एक महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है। हालांकि जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस हत्यारोपियों के करीब पहुंच गई है। हत्या का कारण अवैध संबंध सामने आ रहे हैं। इस मामले का पुलिस आज खुलासा कर सकती है।
सोमवार शाम एक दलित महिला लकड़ी बीनने के लिए गई थी, मगर लापता हो गई थी। मंगलवार सुबह रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप स्थित ईख में महिला का क्षत-विक्षत नग्न हालत में शव मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के पति ने अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म की आशंका जताते हुए दौराला थाने पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस तभी से मामले की जांच करने में जुटी है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के परिवार की ही एक महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में ले रखा है। एसपी सिटी रणविजय सिंह भी बृहस्पतिवार शाम को दौराला पुलिस के साथ हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ करने में जुटे रहे। जानकारी के अनुसार पुलिस इस मामले में आरोपियों तक पहुंच चुकी है और शुक्रवार को खुलासा कर सकती है। सूत्रों के अनुसार महिला की हत्या अवैध संबंधों के चलते होने की बात सामने आ रही है और इस मामले में कितने आरोपी है पुलिस इसकी जानकारी करने में जुटी हुई है।
देर शाम मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम
इस मामले में एसपी सिटी रणविजय भी हिरासत में लिये लोगों से पूछताछ की है। वहीं, देर शाम फोरेसिंक विभाग की टीम भी थाने पहुंची और मौके पर साक्ष्य एकत्रित किए। देर शाम तक एसपी सिटी और फोरेंसिक विभाग की टीम दौराला थाने में डटी रही।
कुछ करीबियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। कई लाइनों पर पुलिस पूछताछ कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।-रणविजय सिंह, एसपी सिटी मेरठ