परीक्षितगढ़। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार रात करीब दो बजे ग्राम सौंदत्त के जंगल में गोकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापा मारा, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग करने पर मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि सात बदमाश चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल बदमाश के परिजन पुलिस पर घर से उठाकर गोली मारने का आरोप लगाते हुए मुठभेड़ को फर्जी बता रहे हैं। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। मंगलवार अलसुबह करीब दो बजे कार्यवाहक थानाध्यक्ष रविचंद्रवाल को मुखबिर ने सूचना दी कि गांव सौंदत्त के जंगल में कुछ बदमाश गोवंश काटने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पाकर एसएसआई रविचंद्रवाल मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने पुलिस पर देख फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, सात बदमाश मुठभेड़ के दौरान पुलिस को चकमा देकर घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के जंगलों में फरार बदमाशों की तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लग सका। पूछताछ करने पर घायल बदमाश ने अपना नाम फरमान पुत्र अतीक निवासी ग्राम सौंदत्त बताया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, दो छुरे समेत तीन गाय व एक बछड़ा बरामद किया। वहीं, घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप
घायल बदमाश फरमान के परिजनों ने बताया कि फरमान खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके पास एक गाय व अन्य पशु भी हैं। पुलिस देर रात फरमान को घर से उठा कर ले गई और गांव में आपसी रंजिश की वजह से विरोधियों से मिलीभगत कर फर्जी मुठभेड़ दर्शाकर उसके पैर में गोली मार दी।
फरार बदमाशों की पहचान छिपा रही पुलिस
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक बदमाश फरमान को गिरफ्तार कर लिया, मगर पुलिस मौके से फरार बदमाशों के नामों का खुलासा नहीं कर रही है। मीडियाकर्मियों के बार-बार पूछने के बाद भी पुलिस बदमाशों के नाम बताने में कतरा रही है।
मुख्य बातें
पुलिस की जवाबी कार्रवाई के चलते सात बदमाश मौका पाकर हुए फरार