सरधना। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने स्वयं को अविवाहित बताकर बिहार निवासी युवती से शादी कर ली। उसने युवती को मेरठ में टीपीनगर में अपनी मां के पास रखा। इसी दौरान उसको जानकारी हुई कि उसका पति पहले से शादीशुदा है। इस पर उसने हंगामा कर दिया। युवक ने उसे समझाने का प्रयास किया। क्षुब्ध विवाहिता कमरे के अंदर पहुंची और फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पड़ोसियों ने इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी तो पति फरार हो गया। पुलिस महिला को थाने ले गई। मामला सरधना थाना क्षेत्र से जुड़ा होने पर उसे सरधना कोतवाली भेज दिया। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
सरधना क्षेत्र के गांव अलीपुर निवासी एक युवक मेरठ के थाना टीपीनगर क्षेत्र में अपनी मां के साथ रहता है। उसकी बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी युवती के साथ बातचीत हुई। युवक ने खुद को अविवाहित बताया और उससे शादी की इच्छा जताई। इस पर युवती ने परिजनों से बात कर बीते अक्तूबर में शादी कर ली। इसके बाद वह युवक के साथ टीपीनगर में रहने लगी। उसे किसी तरह युवक की पहली शादी और पत्नी के दो बच्चों के होने की जानकारी मिली। इस पर उसने बखेड़ा कर दिया। महिला ने ज्यादा हंगामा किया तो युवक ने अपने खर्च पर गांव के दूसरे अविवाहित युवक से उसकी शादी कराने का प्रस्ताव रखा। इससे क्षुब्ध विवाहिता ने शनिवार रात कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इसी दौरान किसी तरह से मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो वे मौके पर एकत्र हो गए। इस पर विवाहिता का पति भाग निकला। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। अलीपुर गांव से मामला जुड़ा होने पर विवाहिता को सरधना कोतवाली में भेज दिया। महिला का कहना है कि वह दो बच्चों के पिता संग रहने को तैयार नहीं है। उसने उसका जीवन बर्बाद कर दिया है। वह उसे सलाखों के पीछे देखना चाहती है। विवाहिता ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। एसएसआई मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं, मामले में कुछ लोग समझौता कराने का भी प्रयास कर रहे हैं।
मुख्य बातें
अलीपुर निवासी युवक ने स्वयं को अविवाहित बताकर बिहार निवासी युवती से किया विवाह
धोखे से आहत विवाहिता ने सरधना कोतवाली में दी तहरीर