मवाना। नगर स्थित पुराने बस अड्डे के समीप बाइक सवार एक युवक पर अज्ञात युवक ने तेजाब फेंक दिया और भाग निकला। बाइक सवार के चिल्लाने पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने पीड़ित युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने मामले की जानकारी ली है।
नगर के मोहल्ला काबली गेट निवासी मौ. वसीम पुत्र मौ. यूसुफ रविवार को बाइक पर सवार होकर पुराने बस अड्डे की ओर जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान अज्ञात युवक ने उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया। इस पर वसीम चिल्लाने लगा। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद युवक भाग निकला। वसीम का शोर सुनकर मौके पर एकत्र लोगों ने मामले की जानकारी ली। वहीं, पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों और पुलिस ने घटना की जानकारी ली। चिकित्सकों ने उपचार के बाद वसीम को घर भेज दिया। वसीम के पिता यूसुफ ने थाने में अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि परिजन किसी भी रंजिश से इनकार कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खुलेआम बिक रहा तेजाब
गली-मोहल्लों में फेली वाले खुलेआम तेजाब बेच रहे हैं। हालांकि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि बिना लाइसेंस के तेजाब नहीं बेचा जा सकता है। लाइसेंस धारक भी ग्राहक से आधार कार्ड की फोटो कापी लेने के बाद ही तेजाब बेच सकता है। खुलेआम तेजाब बेचे जाने के कारण ही इस तरह की घटनाएं घटित हो रही हैं। एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव का कहना है कि अभियान चलाकर ऐसे लोगों को पकड़ा जायेगा जो बिना लाइसेंस के तेजाब बेच रहे है।