हस्तिनापुर। कौरवान वन क्षेत्र के कर्ण वन ब्लॉक के समीप बनाए जा रहे तीर्थ धाम चिदायतन एवं वन विभाग में भूमि को लेकर काफी दिन से ऊहापोह की स्थिति है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बृहस्पतिवार को राजस्व विभाग एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की। इसकी रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी।
मध्य गंगनहर पटरी के किनारे कर्ण वन ब्लॉक के समीप श्री शांतिनाथ अकम्पन कहान दिगंबर जैन ट्रस्ट अंतर्गत तीर्थ धाम चिदायतन का निर्माण किया जा रहा है। जहां तक चिदायतन के पदाधिकारियों द्वारा निर्माण किया जा रहा था। वहां वन विभाग ने अपनी भूमि बताते हुए निर्माण रुकवा दिया था। इसके लिए चिदायतन के पदाधिकारियों द्वारा पैमाइश कराने की मांग की गई। जिस पर जिलाधिकारी के निर्देश पर आज वन विभाग के सर्वेयर बिजेंद्र सिंह एवं एसके जोशी, डिप्टी रेंजर विनोद कुमार, संसार सिंह एवं राजस्व विभाग के कानूनगो सुशील शर्मा व धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में लेखपाल आदि मौके पर पहुंचे और उन्होंने पैमाइश प्रारंभ कराई। जिसमें राजस्व विभाग के अभिलेख एवं वन विभाग के गजट के अनुसार पैमाइश की गई। जिसमें काफी भिन्नता पाई गई। राजस्व विभाग की टीम का कहना है कि वे अपने अभिलेखों के अनुसार पैमाइश कर रहे हैं। वन विभाग के सर्वेयर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि 1972 में सरकार द्वारा गजट वन विभाग को जारी किया गया था। उसी के अनुसार पैमाइश उचित मानी जानी चाहिए। दोनों विभाग द्वारा आज संयुक्त रूप से मौके पर फीता डालकर पैमाइश की गई। हालांकि वन विभाग द्वारा जीपीएस एवं कंपास द्वारा भी पैमाइश की गई। उनका कहना है कि दोनों विभाग अपनी-अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित करेंगे।
मुख्य बातें
वन विभाग एवं राजस्व विभाग अपनी-अपनी रिपोर्ट डीएम को भेजेंगे