ठगी के आरोप में युवक गिरफ्तार
मेरठ। तीन वर्ष पूर्व आवास विकास में मकान के नाम पर फर्जी आवंटन करते हुए शिवशक्ति विहार निवासी युवक से पांच लाख रुपये की ठगी की गई। जिसके बाद युवक फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी नहीं मिलने पर पीड़ित युवक ने एक वर्ष पूर्व आरोपी को नामजद करते हुए संबंधित धारा में मुकदमा पंजीकृत करा दिया। रविवार को हसनपुर चौकी प्रभारी ने सुरागकशी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
भावनपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर चौकी प्रभारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि 2015 में शिवशक्ति विहार निवासी अमर सिंह पुत्र चतर सिंह से आवास विकास में मकान आवांटित कराने के नाम पर संजीव उर्फ दीपक पुत्र शेर सिंह निवासी फतेहपुर थाना अगोता जनपद बुलंदशहर ने पांच लाख रुपये लिए थे। जिसके बाद संजीव काफी समय तक अमर सिंह को बहला फुसलाता रहा। काफी समय के बाद आरोपी संजीव ने आवास विकास जागृति विहार के नाम पर एक फर्जी मकान का आवंटन करते हुए उसके कागज देकर फरार हो गया। जब अमर सिंह अपने मकान पर कब्जा लेने पहुंचा तो वह मकान का आवंटन फर्जी निकला। जिस पर अमर सिंह ने संजीव की काफी तलाश की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। अमर सिंह ने थाना भावनपुर पहुंचकर 2017 में संजीव उर्फ दीपक पुत्र शेर सिंह के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज करा दिया। रिपोर्ट के आधार पर संजीव को वेदव्यास पुरी सेक्टर आठ आरएएफ कैंप थाना टीपी नगर से गिरफ्तार कर लिया गया। हसनपुर चौकी इंचार्ज के मुताबिक आरोपी पर धारा 420, 467, 468, 471 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।