खरखौदा। क्षेत्र के एक गांव में दिव्यांग युवक का गांव की ही दूसरी जाति की युवती से प्रेम प्रसंग हो गया। पहले दोनों ने मंदिर में शादी की तथा बाद में कोर्ट मैरिज कर ली। आरोप है कि बीती 17 जुलाई को युवती को उसके परिजन जबरन उठा ले गए। दिव्यांग पति ने एसएसपी से पत्नी को बंधनमुक्त कराने की मांग की।
दिव्यांग युवक ने बृहस्पतिवार को एसएसपी के यहां पहुंचकर बताया कि उसका गांव ही एक दलित युवती से प्रेम प्रसंग हो गया। उसने युवती के बालिग होने पर 11 जुलाई 2018 को मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद युवक ने कोर्ट में शादी रजिस्टर्ड करा ली। जिसमें 16 जुलाई को विवाह का प्रमाण पत्र भी मिल गया। दोनों पति-पत्नी मेरठ में रहने लगे। आरोप है कि बीती 17 जुलाई को युवती के परिजन उसका अपहरण कर ले गए। उन्होंने विवाहिता एवं युवक को हत्या कर गंगा में फेंक देने की धमकी दी। पीड़ित ने पहले थाने में तहरीर दी। इसके बाद एसएसपी से पत्नी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। इस पर एसएसपी ने थानाध्यक्ष को तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया। जिस पर इंस्पेक्टर ने तुरंत ही विवाहिता पक्ष के मकान पर दबिश दी। हालांकि सभी लोग लापता मिले।
वर्जन
पीड़ित ने पत्नी की ऑनर किलिंग की आशंका जताई है। विवाहिता के परिजनों तक ग्राम प्रधान के माध्यम से सूचना पहुंचा दी है। -राजेंद्र त्यागी, इंस्पेक्टर खरखौदा