अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। नगर का एक प्रेमी युगल सोमवार सुबह थाने पहुंचा और निकाह कराने का पुलिस से आग्रह किया। दोनों के बालिग होने पर पुलिस ने उनके परिजनों को जानकारी दी। थाने पहुंचे युवती पक्ष ने युवक के परिजनों को थाने में ही जान से मारने की धमकी दी। जिस पर पुलिस ने उन्हें फटकार लगाकर भगा दिया। हालांकि बाद में देर शाम दोनों का पास स्थित एक मस्जिद में निकाह करा दिया।
नगर निवासी समुदाय विशेष की युवती एवं युवक का वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वहीं, युवती पक्ष निकाह कराने से इनकार कर रहा था। सोमवार सुबह युवक एवं युवती थाने पहुंचे और पुलिस से युवती को बालिग बताते हुए निकाह कराने की जिद पर अड़ गए। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। इसके बाद काफी देर तक परिजनों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर युवती पक्ष की युवक के परिजनों से कहासुनी हो गई और उन्होंने थाने में ही जान से मारने की धमकी दी। मामला बिगड़ते देख पुलिस ने युवती पक्ष को थाने से भगा दिया। देर शाम तक चली जद्दोजहद के बाद पुलिस ने दोनों का पास स्थित एक मस्जिद में निकाह करा दिया। थाना प्रभारी एमपी सिंह का कहना है कि युवती को परिजनों से जान को खतरा था। इसलिए युवती को उनके सुपुर्द नहीं किया गया। दोनों बालिग हैं और अपना फैसला खुद ले सकते हैं।
मुख्य बातें
युवती पक्ष ने युवक के परिजनों को दी जान से मारने की धमकी