जानीखुर्द(मेरठ)। अफजलपुर पावटी-पांचली मार्ग पर रिश्तेदारी में ईद मिलने जा रहे बाइक सवार दंपति से तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूटपाट की। बदमाशों ने दंपति से पांच हजार रुपये और जेवर लूट लिये।
कस्बा बरनावा जिला बागपत निवासी सद्दाम अपने घर से पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर गांव अफजलपुर पावटी ईद की मुबारकबाद देने के लिए रविवार दोपहर में चला था। पांचली-अफजलपुर पावटी मार्ग पर पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर सद्दाम और उसकी पत्नी को रोक लिया। बदमाशों ने सद्दाम से पांच हजार रुपये तथा उसकी पत्नी से सोने की चेन, कुंडल और अंगूठी लूट ली। वारदात को अंजाम देकर बदमाश पांचली की ओर फरार हो गए। घटना की तहरीर पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानी थाने में दी है।