इंजीनियर ने लगाया बैंक मैनेजर और कर्मचारियों पर गायब करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। रेलवे के इंजीनियर के एसबीआई के खाते से ढाई लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। इंजीनियर ने दौराला थाने में तहरीर देकर बैंक के मैनेजर और कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दौराला थाना क्षेत्र के गांव पनवाड़ी निवासी संदीप पुत्र ओमकार रेलवे में इंजीनियर के पद पर तैनात है। बताया कि उसने दौराला की एसबीआई शाखा में खाता खुलवा रखा है। उसके खाते से हाल ही में ढाई लाख रुपये गायब मिले। इंजीनियर जब अपनी पास बुक की एंट्री कराने के लिए बैंक पहुंचा तो उसे अपने खाते से ढाई लाख रुपये गायब मिले। पीड़ित ने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से इसकी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं की। इसके बाद गुरुवार को पीड़ित ने बैंक मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ मिलीभगत कर ढाई लाख रुपये गायब करने की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर मनोज मिश्र का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
विवाहिता नकदी और जेवरात लेकर फरार
दौराला। खेड़ी टप्पा गांव से नवविवाहिता तीस हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गई। पीड़ित ने दौराला थाने में विवाहिता के खिलाफ तहरीर दी है। गांव निवासी बबलू की छह माह पूर्व बिहार निवासी सीमा पुत्री शंकर से शादी हुई थी। शादी के छह माह बाद विवाहिता घर में रखी तीस हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गई। पीड़ित जब घर पहुंचा तो उसे विवाहिता गायब मिली। पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है।
पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
दौराला। ईद उल फितर के पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद नजर आ रहा है। दौराला में बृहस्पतिवार को पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया गया। दौराला के मुख्य बाजार में फ्लैग मार्च निकाला और सभी से पर्व पर शांति बनाए रखने की अपील की गई। इंस्पेक्टर दौराला मनोज मिश्र ने बताया कि अराजकता फैलाने वालों एवं स्टंट करने वालों से सख्ती के साथ निपटा जाएगा।