शिक्षिका समेत दो महिलाएं लापता
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र से शिक्षिका सहित दो महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। शिक्षिका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाकर थाने में हंगामा कर दिया।
पुलिस के अनुसार जयभीम नगर निवासी राखी की पंचगांव पट्टी अमर सिंह में ससुराल है। राखी जयभीमनगर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। सोमवार को वह स्कूल गयी थी। लेकिन शाम तक भी नहीं लौटी। देर शाम उसके पति पप्पू उर्फ प्रवीन ने ससुराल में फोन कर राखी के घर न पहुंचने की जानकारी दी। काफी तलाश के बाद भी राखी का पता नहीं चल पाया।
मंगलवार को राखी के मायके वाले और एक दर्जन से अधिक महिलाएं व पुरुष भावनपुर थाने पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोपों के साथ ही राखी को गायब करने का आरोप लगाया। वही भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव किनानगर निवासी मोहनी पवार पत्नी विजय सिंह अपने ढाई साल के बच्चे के साथ संदिग्ध अवस्था में लापता हो गई। इस संबंध में एसओ भावनपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनो महिलाओं की गुमशुदगी दर्ज करते हुए उनकी खोजबीन की जा रही है।