मवाना। पड़ोस के गांव की एक युवती पांडव चौक पर सहेली के घर रहकर परीक्षा की तैयारी कर रही थी। आरोप है कि सहेली के पिता ने युवती से अश्लील हरकतें कीं। पीड़ित ने सहेली के पिता के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पड़ोसी गांव की युवती ने बताया कि पांडव चौक निवासी सहेली की मां के कहने पर उसके माता-पिता ने परीक्षा देने के लिए सहेली के घर छोड़ दिया था। वह बीती 15 मई को सहेली के घर गई थी। 18 मई को उसकी सहेली और उसकी मां दूसरे कमरे में थीं। वह दूसरे कमरे में टीवी देख रही थी। इसी दौरान सहेली के पिता प्रदीप दीक्षित कमरे में आए तथा उसके हाथों को गलत तरीके से टच करने लगे। उस समय वह लेटी हुई थी। वह घबराकर तुरंत बैठ गई तो आरोपी प्रदीप दीक्षित उसके पास आया तथा अश्लील हरकत की। वह तुरंत भागकर दूसरे कमरे में आ गई तथा अपने परिजनों को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। उसने सोचा की अपनी सहेली को बता देती हूं, लेकिन दोस्त ने उसको ही बदतमीज बताते हुए कहा कि उसको अपने पापा पर पूरा विश्वास है। इसके बाद उसको पीटा तथा कहा कि यह घर जाकर बता देगी, इसे जाने मत दो। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी प्रदीप दीक्षित को गिरफ्तार कर लिया है। प्रदीप दीक्षित का कहना है कि लड़की के साथ कोई विवाद हुआ है। इसके बाद उस पर झूठा आरोप लगाया है। युवती ने बीते वर्ष भी परीक्षा उनके यहां रहकर दी थी।
मुख्य बातें
सहेली की मां के कहने पर परिजनों ने परीक्षा देने के लिए यहां भेजा था
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया