मवाना। फलावदा पुलिस ने गांव सनौता में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर हाजी परवेज द्वारा असलाह जमा किए जाने की सूचना पाकर आसपास के थानों की पुलिस के साथ बृहस्पतिवार रात दबिश दी। कई थानों की पुलिस की मौजदूगी में हिस्ट्रीशीटर पुलिस पर फायर करते हुए अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। हिस्ट्रीशीटर द्वारा की गई फायरिंग से पुलिस में अफरा-तफरी मच गई।
सनौता गांव में फलावदा पुलिस को हिस्ट्रीशीटर बदमाश के घर में भारी मात्रा में असलाह एकत्र करने की जानकारी मिली। इसकी सूचना पाकर फलावदा पुलिस ने आसपास के थानों की पुलिस फोर्स को साथ लेकर बृहस्पतिवार रात दबिश दी। इस पर हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे गांव में दहशत फैल गई। वहीं, पुलिस भी सकते में आ गई। हिस्ट्रीशीटर फायर करते हुए अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा। इस संबंध में थाना प्रभारी जनक सिंह चौहान ने हिस्ट्रीशीटर हाजी परवेज तथा उसके भाई सुएब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को तलाशी में तमंचा, पांच कारतूस मिले। वहीं, चर्चा है कि हिस्ट्रीशीटर भागते समय काफी असलाह ले गया।