सरूरपुर। किनौनी चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर बाहरी जिलों से सामान्य प्रजाति का गन्ना डालने को लेकर तौल बाबू के साथ हुए झगड़े में मिल प्रबंधन ने करनावल निवासी दो किसानों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने किसानों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वे फरार मिले।
किनौनी चीनी मिल के सीएस अधिकारी अखिल कुमार ने थाने में दी तहरीर में बताया कि चीनी मिल का करनावल कस्बे के बाहरी छोर पर गन्ना क्रय केंद्र ए स्थित है। जिस पर तीन अप्रैल को कस्बा निवासी किसान योगेंद्र पुत्र महिपाल तथा कविंद्र उर्फ पिंकू पुत्र महिपाल अपने बागपत जिले के चार-पांच लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सामान्य प्रजाति का गन्ना लेकर पहुंचे थे। क्रय केंद्र पर तौल बाबू उपेंद्र पुत्र ओमपाल निवासी सरूरपुर ने गन्ना लेने से इनकार कर दिया था। जिस पर किसानों ने अपने साथियों के साथ मिलकर तौल बाबू के साथ गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। गन्ना क्रय केंद्र पर जबरदस्ती करते हुए ट्रॉली में भरा हुआ गन्ना डालकर चले गए। तौल बाबू ने घटना की जानकारी मिल अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे मिल के गन्ना प्रबंधक के साथ जोन इंचार्ज तथा मुख्य सुरक्षा अधिकारी ने करनावल निवासी दो किसानों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।