शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ हल्ला बोल
मोदीपुरम। पल्हैड़ा गांव में शराब की अवैध रूप से बिक्री के खिलाफ लोगों ने हल्ला बोल दिया। शराब बेचने वालों के ठिकानों पर धावा बोलकर हरियाणा मार्का शराब की कई पेटियां बरामद कर लीं। सूचना पर सीओ और इंस्पेक्टर पहुंचे तो लोगों की उनसे तीखी नोकझोंक हो गई। पुलिस ने बरामद शराब कब्जे में ले ली।
मोदीपुरम के पल्हैड़ा, फेज-वन और फेज-दो की डबल स्टोरी में अवैध रूप से हरियाणा मार्का शराब बेची जा रही है। कॉलोनी के लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं। लेकिन पल्लवपुरम पुलिस सुनवाई नहीं कर रही थी। पांच दिन पहले एक युवक की शराब पीने से मौत हो गई थी। जिसके बाद से लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर कई घरों पर धावा बोल दिया। जिसके बाद शराब बेचने के आरोपी फरार हो गए।
इस दौरान सीओ दौराला पंकज सिंह और पल्लवपुरम इंस्पेक्टर दिलीप शर्मा भी फोर्स लेकर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी सूरज के घर से शराब की आठ पेटियां और बिट्टू के घर से करीब 20 पव्वे बरामद किए। इस दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि दो माह में शराब से पांच लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस की मिलीभगत से अवैध शराब बेची जा रही है। शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इंस्पेक्टर के अनुसार सूरज और बिट्टू निवासी पल्हैडा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कबूतरखाने में शराब
पुलिस के अनुसार बिट्टू और सूरज ने शराब की बोतलों को छत पर कबूतरखाने में छिपा रखा था। छत पर जाने के लिए पक्की सीढ़ियां नहीं बनी हैं। मौके पर लकड़ी की सीढ़ी भी नहीं मिली। बाद में पास के घर से सीढ़ी मंगाकर छत से शराब की पेटियां बरामद की गईं।
नहीं होने देंगे बिक्री
पल्हैड़ा गांव में दो घरों से शराब की पेटिया मिली हैं। आरोपी फरार हो गए। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शराब की अवैध रूप से बिक्री नहीं होने दी जाएगी। -पंकज सिंह, सीओ दौराला
खास बातें:
पल्हैड़ा गांव में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के घरों पर लोगों ने बोला धावा
शराब की कई पेटियां बरामद, मौके पर पहुंचे सीओ और इंस्पेक्टर से नोकझोंक