कीटनाशक विक्रेता बुधवार दोपहर में किसानों से बकाया की उगाही करके मोहिउद्दीनपुर से खरखौदा कस्बा लौट रहा था। पीछे से आए अपाचे सवार बदमाशों ने व्यापारी की बाइक को ओवरटे करके रुकवा लिया। उन्होंने गन प्वाइंट पर लेकर उससे 50 हजार रुपये एवं सोने की चेन लूट ली। इसके दवा व्यापारी थाना खरखौदा पहुंचा, लेकिन घटना गाजियाबाद के थाना भोजपुर का होने पर पुलिस ने उसे टरका दिया।
खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव फकरपुर कबट्टा निवासी सतेंद्र पुत्र शौराज सिंह की खरखौदा कस्बा में ब्लॉक रोड के समीप कीटनाशक की दुकान है। दुकान से कीटनाशक आसपास के गांवों के किसान खरीदते हैं। सतेंद्र बुधवार को बाइक से पहले भोजपुर क्षेत्र के ही गांव तोड़ी में किसानों के यहां तकादे को गया। वह किसानों से वसूली करके आया। इसके बाद सतेंद्र हापुड़ जिले के गांव सरावा पहुंचा। वहां से भी किसानों से बकाया लाया। इसके बाद मोदीनगर क्षेत्र के भनेड़ा गांव में तकादे को पहुंचा। वहां से भी करीब 20 हजार रुपये लेकर मोहिउद्दीनपुर से खरखौदा आ रहा था। सतेंद्र मोहिउद्दीनपुर-खरखौदा संपर्क मार्ग पर भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव चुड़ियाला चौकी से कुछ आगे पहुंचा तो पीछे से पीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने उसे बराबर में आकर धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने सतेंद्र को गन प्वाइंट पर लेकर उसकी जेब से करीब 50 हजार रुपये, सोने की चेन, मोबाइल की बैट्री एवं बाइक की चाबी लूट ली। इसके बाद बदमाश बाइक से मोहिउद्दीनपुर की ओर भाग गए। सतेंद्र बाइक सवार राहगीर से मदद से थाना खरखौदा पहुंचा। पुलिस पीड़ित को साथ लेकर बदमाशों की तलाश करने ली। पुलिस जांच में मामला भोजपुर थाना क्षेत्र का निकला। इसके बाद सूचना पाकर भोजपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहां पर पीड़ित से मामले की जानकारी ली। भोजपुर पुलिस ने लूट के मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय पीड़ित को तहरीर लेकर जांच के नाम पर चलता कर दिया। उधर, भोजपुर थानाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद ने वारदात को फर्जी करार दिया। वहीं, पीड़ित द्वारा तहरीर नहीं देने की जानकारी दी है।
मुख्य बातें
व्यापारी उगाही करे मोहिउद्दीनपुर से खरखौदा कस्बा लौट रहा था
बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लेकर पचार हजार रुपये, चेन आदि लूट ली