मवाना। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान मिल में गन्ना डालने पहुंचा। वहां कुछ युवकों ने उससे लाठी-डंडे से मारपीट की तथा सेलफोन और 7300 रुपये छीनने का आरोप लगाया। चार दिन बीतने पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर युवक ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
गांव रानी नंगला निवासी सोनू पुत्र स्वर्गीय भंवर सिंह ने बताया कि वह चार दिन पूर्व शुगर मिल में गन्ना डालने पहुंचा था। वहां 10-12 अज्ञात युवकों ने उसे लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद तमंचे से गोली मार देने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर दो नामजद एवं 10-12 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि चार दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। रविवार को पीड़ित सोनू ने दोबारा थाने पहुंचकर पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। दरोगा सुनील मिश्र का कहना कि मामले की जांच की जा रही है।
बाइक चोरी में दबोचा
मवाना। लूट के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को दबोचा। करीब एक सप्ताह पूर्व मिल कर्मचारी बाइक पर सवार होकर देर शाम मेरठ से वापस लौट रहा था। नगर से कुछ दूर कर्मचारी से अपाचे बाइक लूट ली थी। इस संबंध में पुलिस बीते कई दिन से मामले केे खुलासे के प्रयास में लगी है। रविवार को एक संदिग्ध को दबोचा। थाना प्रभारी बृजेश कुशवाहा का कहना कि पीड़ित द्वारा एक व्यक्ति की पहचान करने पर नगर निवासी एक युवक को पकड़ा है। उससे पूछताछ जारी है।