मवाना। पूर्व ब्लॉक प्रमुख धीरज पहाड़पुरिया ने बताया कि किसी अज्ञात ने उनकी फर्जी फेसबुक आईडी बना ली। इसकी जानकारी उनको मंगलवार को हुई। उन्होंने तुरंत फेसबुक से इसकी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उक्त आईडी को बंद कर दिया गया। धीरज पहाड़पुरिया का कहना है कि जिस किसी ने ऐसा किया है वह भविष्य में भी ऐसा कर सकता है। इसलिए वे इस संबंध में थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
युवती को तेजाब डालने की धमकी दी
मवाना। मोहल्ला हीरालाल निवासी एक व्यक्ति ने फलावदा चौराहे के निकट स्थित मार्केट में कोचिंग करके लौटते समय एक युवक को नामजद तथा दो अज्ञात पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने बात नहीं करने पर तेजाब डालने की धमकी दी है। एसएसआई भरतलाल शाह का कहना है कि जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
मोहल्ला हीरालाल निवासी व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर कहा कि उसकी पुत्री फलावदा चौराहे के निकट स्थित एक मार्केट में कोचिंग करती है। वह कोचिंग से लौट रही थी तो नामजद आरोपी निवासी गांव भिड़वारा तथा दो अज्ञात ने उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। उसी समय उसका भाई वहां पहुंच गया। जिसको देख आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। आरोपी ने उसकी पुत्री को धमकी दी कि यदि उससे बात नहीं की तो वह उसके ऊपर तेजाब डाल देगा। एसएसआई भरतलाल शाह का कहना है कि जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
नेत्र जांच शिविर 16 को
मवाना। स्वर्गीय तेज बहादुर वासन की स्मृति में डॉ. सरोजिनी वासन, कल्याणं करोति मेरठ तथा जिला दृष्टिहीनता निवारण समिति के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार 16 फरवरी को जैन मंदिर महलका में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। पंजीकरण एवं जांच प्रात: 10 से अपराह्न 1 बजे तक होगी। जानकारी कल्याणं करोति के महामंत्री ब्रिगेडियर एससी जौहर ने दी।