परीक्षितगढ़/मेरठ। परीक्षितगढ़ पुुलिस ने छेड़छाड़ की घटना पर ऐसे पर्दा डाल दिया जैसे किसी पंचायत का फैसला हो। एक छात्रा से बाइक सवार युवक ने सरेआम छेड़छाड़ की। चांटा मारने के बाद भी छात्रा की स्कूटी को ठोकर मारकर गिरा दिया। धमकी दी कि यदि शिकायत की तो अंजाम भुगत लेना।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र निवासी इंटर की यह छात्रा 26 जनवरी को स्कूटी से जा रही थी। बहलोलपुर मार्ग स्थित जनसेवा केंद्र के पास पहुंची ही थी। इस बीच बाइक सवार एक युवक पीछे से आया। आरोपी युवक ने पहले तो छात्रा पर अश्लील कमेंट्स किए। फिर बाइक से पीछा करते हुए स्कूटी सवार छात्रा को चांटा मार दिया। छात्रा स्कूटी से गिरने से बची। इस दौरान दो अन्य युवक भी पास में खड़े थे।
कुछ देर बाद आरोपी बाइक मोड़कर लाया और पैर मारकर स्कूटी को गिराता हुआ निकल गया। इस दौरान आरोपी के दोनों साथी वहां पैदल मौजूद थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस दौरान पैदल दोनों युवकों ने कैमरे की तरफ भी देखा। करीब बीस मिनट बाद आरोपी युवकों ने एक जनसेवा केंद्र पर पहुंचकर छात्रा और एक अन्य युवती को धमकी देते हुए कहा कि यदि थाने में शिकायत की तो घर से निकलना भी मुश्किल हो जाएगा। इस घटना के बाद पीड़ित छात्रा ने थाने में तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
वायरल के बाद हुई कार्रवाई
छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना का वीडियो वायरल होने पर एसएसपी मंजिल सैनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस को जमकर हड़काया और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर ग्राम कुलीपुर निवासी विशाल, राजन, शिविक चौधरी और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपियों के यहां दबिश देकर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के परिजन पीड़ित छात्रा के परिजनों पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। पुलिस पीड़ित छात्रा को बयान के लिए महिला थाने ले गई।
खास बातें:
एक सप्ताह तक परीक्षितगढ़ पुलिस ने नहीं कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने एसओ को लगाई कड़ी फटकार
पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया