मोबाइल की एक रांग कॉल आने के बाद एक समुदाय की महिला को दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम हो गया। फोन पर बात बढ़ी तो दोनों का प्रेम परवान चढ़ गया। एक दिन महिला दो मासूम बच्चों एवं पति को छोड़कर प्रेमी के घर पहुंच गई। उसने प्रेमी संग शादी रचा ली और उसके साथ रहने की जिद पर अड़ गई। परिजन दिनभर महिला को समझाने के लिए लगे रहे, लेकिन वह नहीं मानी।
परतापुर थाना क्षेत्र के काशी गांव निवासी एक महिला का निकाह करीब छह साल पहले फलावदा निवासी युवक से हुआ था। उनके एक बेटा और बेटी है। महिला का आरोप है कि पति आए दिन उससे मारपीट करता था। करीब छह महीने पहले महिला के मोबाइल पर एक रांग कॉल आई। इस पर युवक ने गलत नंबर मिल जाने की बात कहकर फोन काट दिया, लेकिन इसके बाद दोनों के बीच बातों का सिलसिला शुरू हो गया। यह धीरे-धीरे प्यार और फिर शादी तक पहुंच गया। महिला दौराला थाना क्षेत्र के लोईया गांव निवासी युवक के घर पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली। महिला के पति को लोईया गांव में होने की सूचना मिली। पति ने दौराला पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस महिला को लेकर थाने आ गई जबकि युवक फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में महिला ने ससुराल एवं मायके वालों से जान को खतरा बताकर उनके साथ जाने से इनकार कर दिया। वह लोईया में रहने की जिद पर अड़ गई।
वर्जन
महिला ने पति एवं मायके वालों के साथ रहने से इनकार कर दिया था। वह प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी थी। महिला को प्रेमी के सुपुर्द कर दिया है।-नीरज मलिक, एसओ दौराला
मुख्य बातें
दो बच्चों एवं पति को छोड़कर प्रेमी के घर पहुंची, रचाई शादी
महिला ने ससुराल एवं मायके वालों से बताया जान को खतरा