मवाना। गांव नागौरी से शुक्रवार देर शाम भाई को खाना देकर बाइक से वापस लौट रहे गांव दांदूपुर निवासी युवक को रास्ते में पांच-छह युवकों ने रोककर मारपीट करके घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। घायल को सीएचसी मवाना में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर मेरठ के लिए रेफर कर दिया।
गांव दांदूपुर थाना फलावदा निवासी निर्देश पुत्र देवेंद्र का भाई गांव नागौरी स्थित स्कूल में पढ़ता है। निर्देश शाम के समय बाइक से अपने भाई को खाना देने के लिए गांव नागौरी गया था। वहां से लौटते समय बोगी पर सवार पांच-छह युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया तथा लाठी-डंडों आदि से मारपीट कर घायल कर दिया तथा फरार हो गए। इसकी जानकारी पाकर परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल युवक को लेकर फलावदा थाने पहुंचे। फलावदा पुलिस ने घायल को इलाज के लिए मवाना सीएचसी भेज दिया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में घायल युवक के पिता देवेंद्र ने गांव घटायन निवासी तीन युवकों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। सूचना पाकर ब्लॉक प्रमुख मवाना प्रेम सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा घटना के संबंध में जानकारी ली।