मेरठ। परतापुर थानाक्षेत्र के कंचनपुर घोपला में तनातनी के चलते बुधवार रात हुए जातीय संघर्ष, पथराव और फायरिंग में नौ लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को गांव में ब्राह्मण और दलित पक्ष में मारपीट हो गई थी। जाट पक्ष के युवकों ने ब्राह्मण पक्ष का साथ दिया था। लेकिन कार्र्रवाई न होने पर दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी। संजीव शर्मा का आरोप है कि बुधवार रात दलित पक्ष के दो दर्जन युवकों ने हरेंद्र चौधरी की दुकान में बैठे अंकित व ईशु शर्मा पर डंडों से हमला बोल दिया। बचाव में आए चांदवीर और सोनू चौधरी को भी बुरी तरह पीटा। सड़क से गुजर रहे इसी पक्ष के करण, सोनी और आकाश को रोककर पीटा। जिसके विरोध में ग्रामीणों ने दलित पक्ष के युवकों को दौड़ा लिया। हमले में अंकित, जीतू शर्मा रामौतार शर्मा, चांदवीर, सोनी और करण चौधरी घायल हो गए।
वहीं, नवनीत जाटव का आरोप है कि प्रशांत और हिमांशु शाम को खेत पर गए थे। जिनकी जाट और ब्राह्मण पक्ष के लड़कों ने पिटाई कर दी। इसके बाद दूसरे पक्ष के युवकों ने गली में खडे़ दलित युवकों को पीटा। जिसमें प्रशांत, हिमांशु और चतर सिंह घायल हो गए सूचना पर सीओ कोतवाली फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे।
पुलिस को घेरा, नारेबाजी
जाट-ब्राह्मण पक्ष के सैकड़ों लोगों ने गांव में पहुंची पुलिस को घेरकर नारेबाजी की और सड़क पर ही धरना देकर बैठ गए। आरोप है कि दलित पक्ष ने 25 मई को भी घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर हमला और फायरिंग की। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिसका परिणाम यह घटना है। सीओ कोतवाली ने ग्रामीणों को भरोसा दिया कि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करेगी। जो भी दोषी होगा उस पर केस दर्ज कार्रवाई होगी। इस दौरान जाट पक्ष ने एक दरोगा पर शराब के नशे में अभद्रता करने का आरोप लगाया। जिसकी वीडियो उच्चाधिकारियों को सौंपने की बात कही।
जनप्रतिनिधि ने कराई थी सुलह
चर्चा कि दोनों पक्षों में कुछ दिन पूर्व हुए विवाद में एक जनप्रतिनिधि ने सुलह कराई थी इसलिए पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी। लेकिन दोनों पक्षों में तनातनी बनी थी
दोषियों पर होगी कार्रवाई
दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट, हमले की तहरीर दी है। हालांकि फायरिंग नहीं हुई है। पुलिस जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा कार्रवाई जरूर होगी। -रणविजय सिंह एसपी सिटी
खास बातें:
पुरानी तनातनी के चलते पथराव, मारपीट, फायरिंग
ब्राह्मण और जाट पक्ष ने दलितों पर तो दलितों ने ब्राह्मण और जाट पक्ष पर लगाया हमले का आरोप