मेरठ। सोतीगंज में रविवार शाम दिल्ली पुलिस ने गोदामों पर छापे मारे तो कबाड़ियों ने दिल्ली पुलिस को घेर लिया। एक सिपाही से हाथापाई कर दी। हंगामे की सूचना पर सदर बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंची। दिल्ली पुलिस ने तीन दिन पहले भी एक कबाड़ी और उसके नौकर को सोतीगंज से हिरासत में लिया था।
तीन दिन पहले दिल्ली पुलिस सोतीगंज में छापा मारकर कबाड़ी इसरार और उसके नौकर जुल्फकार को पकड़कर ले गई थी। रविवार को दिल्ली पुलिस जुल्फकार को लेकर गोदामों पर छापा मारने आई थी। जिस पर कबाड़ियों ने अपने गोदामों के शटर गिराकर हंगामा कर दिया। इस दौरान सादा कपड़ों में तैनात दिल्ली पुलिस के एक सिपाही से हाथापाई भी कर दी। हंगामे की सूचना पर सदर बाजार, देहलीगेट और लालकुर्ती पुलिस पहुंची। सोतीगंज के कबाड़ी हंगामा करते हुए दिल्ली रोड पर आ गये। बाद में दिल्ली पुलिस की टीम जुल्फकार को लेकर वहां से निकल गई। एएसपी कैंट सतपाल सिंह का कहना है कि इस मामले में दिल्ली पुलिस ने थाने में कोई आमद दर्ज नहीं कराई है।
खास बातें:
दो दिन पहले पकड़े कबाड़ी के नौकर को लेकर आयी थी टीम