मेरठ। ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों की अब खैर नहीं है। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन के आदेश पर अधिकारियों ने अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार शाम सिटी स्टेशन पहुंचे आसपास के टिकट निरीक्षकों के दस्तों ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाकर दो दर्जन से ज्यादा बेटिकट यात्री पकड़े। इन्हें जुर्माना वसूलकर छोड़ा। वहीं, चेकिंग टीम को देख कई यात्री स्टेशन से भाग निकले। रेलवे मजिस्ट्रेेट की निगरानी में बृहस्पतिवार को चेकिंग होगी।
रेलवे बोर्ड चेयरमैन के पत्र के मुताबिक ट्रेनों में तीस से चालीस फीसदी यात्री बिना टिकट सफर करते हैं। पैसेंजर ट्रेनों में तो इससे भी बुरा हाल है। रेलवे बोर्ड चेयरमैन अश्विनी लोहानी ने ट्रैफिक स्टाफ को इस पर लगाम कसने के लिए संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। संयुक्त चेकिंग अभियान में आसपास का चेकिंग दस्ता मुख्य स्टेशनों पर पहुंचकर एक साथ ट्रेनों और स्टेशन परिसर पर खड़े यात्रियों के टिकट चेक करेगा। इस कड़ी में बुधवार शाम को मुजफ्फरनगर और सहारनपुर का चेकिंग स्टाफ पहुंच गया। बाहरी स्टाफ ने सिटी स्टेशन के स्टाफ के साथ मिलकर कई ट्रेनों में चेकिंग की। इस दौरान करीब दो दर्जन यात्री बिना टिकट पकड़े गए। वहीं, टीम को देख काफी संख्या में बेटिकट यात्री भाग खड़े हुए। स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को रेलवे मजिस्ट्रेट की निगरानी में चेकिंग अभियान चलेगा।
मुख्य बातें
टीसी की टीमों ने सिटी स्टेशन पर शाम को चलाया चेकिंग अभियान
दो दर्जन से ज्यादा यात्री बिना टिकट पकड़े, बाकी टीम को देखकर भागे