मेरठ। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार तीन युवकों को रोककर चालान काट दिया। युवकों ने आरोप लगाया कि दरोगा ने आरएसएस के खिलाफ टिप्पणी की। इसके बाद हिंदू संगठनों के सदस्यों ने हसनपुर चौकी का घेराव कर जमकर हंगामा किया। साथ ही दरोगा को निलंबित करने की मांग की।
किठौर के गांव फतेहपुुर नारायण निवासी दीपक त्यागी पुत्र अशोक त्यागी गढ़ रोड स्थित एक कॉलेज से बीसीए कर रहा है। दीपक आरएसएस से जुड़ा है। दीपक के अनुसार मंगलवार को वह सिसौली निवासी अपने साथी संदीप गोस्वामी के साथ बाइक से कॉलेज जा रहा था। भावनपुर थाने की हसनपुर चौकी पर चेकिंग के दौरान दरोगा सुनील कुमार ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि जब छात्र दीपक ने अपना परिचय संघ कार्यकर्ता का दिया तो दरोगा ने बदसलूकी करते हुए संगठन के खिलाफ तीखी टिप्पणी की। वहीं पुलिस का कहना है कि बाइक पर तीन युवक बिना हेल्मेट के जा रहे थे। बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
उधर, दीपक त्यागी की सूचना पर मेरठ कॉलेज से पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दुष्यंत तोमर समेत हिंदू संगठन से जुडे़ दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और गढ़ रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने पर छात्र गढ़ रोड से हटकर चौकी के सामने ही धरने पर बैठ गए। छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और दरोगा सुनील कुमार व सिपाही कपिल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब तीन घंटे हंगामा चलता रहा। इस बीच विहिप पदाधिकारी के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ। इस दौरान बजरंग दल के महानगर संयोजक अर्जुन राठी, दिग्विजय, अभिषेक चौहान, विवेक तोमर, आदित्य तोमर, आदि मौजूद रहे।
सिपाही को किया लाइन हाजिर
विहिप के प्रांत सह संगठन मंत्री सुदर्शन चक्र महाराज ने सीओ सदर देहात श्रीराम अर्ज से दरोगा और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं भावनपुर एसओ करतार सिंह का कहना है कि बाइक पर तीन युवक बिना हेल्मेट के सवार थे। बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। चालान काटा तो दरोगा से भिड़ गए और चालान बुक तक फाड़ने का प्रयास किया। सिपाही कपिल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
खास बात
हसनपुर चौकी पर चेकिंग के दौरान काटा था पुलिस ने बाइक का चालान
बाइक सवार ने खुद को बताया संघ कार्यकर्ता, दरोगा पर लगाया टिप्पणी करने का आरोप