बदमाश मवाना कस्बे से तीन किमी. दूर मेरठ रोड स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन को गनप्वाइंट पर लेकर 40 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। दिनदहाडे़ हुई घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न चिह्न लगा दिया है। पेट्रोल पंप मालिक अंशुल ऐलन ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
मवाना से लगभग तीन किमी. दूर मेरठ रोड पर एचपीएस रामा पेट्रोल पंप स्थित है। उसके मालिक अंशुल ऐलन ने बताया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे काली पल्सर बाइक सवार तीन बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने चेहरे ढके हुए थे। उन्होंने पहले तीन सौ रुपये का बाइक में तेल डलवाया। सेल्समैन ने रुपये मांगे तो एक बदमाश ने तमंचा निकालकर उसकी कनपटी पर लगा दिया।
इसके बाद तीनों बदमाश बाइक से उतरे तथा सेल्समैन अमरीश पुत्र जयप्रकाश, बिंटू पुत्र जयप्रकाश को गन प्वाइंट पर लेकर आफिस में ले गए। वहां पर मेज की दराज का ताला तोड़कर उसमें रखे 40 हजार रुपये लूट लिये। अमरीश के चेहरे पर तमंचे की बट के प्रहार करके उसे घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश दोनों सेल्समैन को बाथरूम में बंद करके फरार हो गए। घटना की जानकारी पाकर अंशुल ऐलन पंप पर पहुंचे तथा दोनों सेल्समैन को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच करके लौट गई। पेट्रोल पंप मालिक ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। वहीं, एसएसआई भरतलाल शाह का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लूट की घटना को आला अधिकारियों से घंटों छिपाकर रखा। इस बाबत सीओ यूएन मिश्र को लूट की घटना की जानकारी हुई तो वे थाने पहुंचे। वहां मौजूद एसएसआई को घटना की तुरंत जानकारी नहीं देने पर कड़ी नाराजगी जताई। वहीं, फोन पर थाना प्रभारी को आडे़ हाथों लिया। थाना प्रभारी दीपक शर्मा ने बताया कि वे कोर्ट में हैं।
पांच साल पहले भी हुई थी लूट
पांच साल पहले भी बदमाश उक्त पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पंप मालिक अंशुल ऐलन ने बताया कि उसने यह पंप छह माह पहले ही खरीदा है। इससे पूर्व दो साल तक यह पंप बंद रहा था।
मुख्य बातें
मेरठ रोड स्थित पेट्रोल पंप में पूर्वाह्न करीब ग्यारह बजे हुई वारदात
पेट्रोल पंप मालिक ने तीन बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी