मेरठ/मोदीपुरम। रुड़की रोड स्थित बलवंत एंकलेव में बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:30 बजे आयकर विभाग की टीम ने प्रॉपर्टी डीलर के घर पर छापा मारा। टीम से बचने के लिए घर की छत से कूदे प्रॉपर्टी डीलर के पैर में फ्रेक्चर हो गया। जिसे हिरासत में ले लिया गया। देर रात तक दो घरों में चली जांच पड़ताल में दस लाख रुपये की नकदी, प्रॉपर्टी के कई दस्तावेज और एक हार्ड डिस्क कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से बिजौली गांव खरखौदा निवासी मुकेश गिरी बलवंत एंकलेव के मकान संख्या ए-7 में परिवार के साथ रहता है। कई वर्षों से प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़े मुकेश ने नोटबंदी के दौरान बैंक से काफी ट्रांजेक्शन किया था। आयकर विभाग में जो स्टेटमेंट जमा किया, उसमें भी गड़बड़ी सामने आयी। आयकर विभाग को जो सूत्र मिले, उसमें पता चला कि मुकेश ने कई करोड़ की हेराफेरी कर काला धन जमा किया हुआ है। जिस पर आयकर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर राजेश कुमार के नेतृत्व में मुकेश के घर पर छापामारी की गई थी। सूत्रों के मुताबिक प्रॉपर्टी डीलर पर आरोप है कि नोटबंदी में उसने काफी लेनदेन किया। 2-3 साल में 10-15 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी कहां से खरीदी गई, यह सवाल उसे फंसा रहा है।
खास बात
- दो घरों पर देर रात तक चली जांच
-10 लाख रुपये, दस्तावेज, हार्ड डिस्क बरामद