मेरठ/सरधना।
फौजी के अपहृत तीन साल के बेटे का पांचवें दिन भी कोई सुराग नहीं लगा है। मंगलवार को एसएसपी खुद फौजी के घर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से अकेले में दो घंटे तक बातचीत की। एसएसपी ने परिवार को आश्वासन दिया कि जल्द मासूम को पुलिस सकुशल बरामद कर लेगी।
सरधना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी फ ौजी अंकित कुमार के तीन साल के बेटे आभाष उर्फ गोलू का पांच दिन पहले अपहरण कर लिया गया था। क्राइम ब्रांच, सर्विलांस समेत पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। तालाब में तलाश के लिए गोताखारो की टीम ने गांव पहुंचकर सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने गांव के साथ जंगल में भी तलाशी की और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन सफलता नहीं मिली। विधायक संगीत सोम भी अधिकारियों से संपर्क साधे हुए हैं।
मंगलवार दोपहर एसएसपी मंजिल सैनी खेड़ा गांव पहुंचीं और अंकित के परिजनों से अलग-अलग बंद कमरे में बातचीत की। इस मौके पर खेड़ा प्रधान ओमबीर, रार्धना प्रधान अमित राणा, सलावा प्रधान सुनील कुमार समेेत ठाकुर चौबीसी के कई गांवों के लोग भी मौजूद थे। एसएसपी ने सीओ संतोष कुमार सिंह व थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर को गोलू को सकुशल बरामद करने निर्देश दिए। तांत्रिकों पर नजर रखने, कोई गांव में रंजिश तो नहीं समेत अन्य कई बिंदुओं पर काम करने की बात भी कही। वहीं मासूम के बरामद न होने पर ग्रामीणों में गुस्सा है।
एक कदम आगे भी नहीं बढ़ी पुलिस
पुलिस की तमाम टीमें मासूम की तलाश में लगी हैं, लेकिन पांच दिन बीतने के बावजूद पुलिस को कोई अहम सुराग नहीं मिला है। पुलिस एक भी कदम आगे नहीं बढ़ी। सर्विलांस की टीमें भी इस मामले में लगी हैं।
नजदीकी पर अंदेशा जताया
पुलिस की जांच पड़ताल में मासूम का अपहरण करने वाला कोई कुख्यात या पेशेवर अपराधी नहीं है। अंदेशा है कि अपहरण करने वाला गोलू के परिवार का कोई करीबी हो सकता है। पुलिस ने गोलू के परिवार के मोबाइल नंबरों की भी जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
परिवार के सदस्य जैसा है गोलू
आभाष उर्फ गोलू मेरे परिवार के सदस्य जैसा ही है। आभाष को सकुशल बरामद कराने के लिये हर संभव प्रयास किया जाएगा, कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। इस मामले में वे पीड़ित परिवार व ग्रामीणों के साथ अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं। - संगीत सोम, विधायक, सरधना
कई बिंदुओं पर चल रही जांच
अपहरण करने वाला करीबी भी हो सकता है। इसको देखते हुए परिवार के लोगों से भी बातचीत की गई है। कई बिंदुओं पर पुलिस की जांच चल रही है। मंजिल सैनी दहल, एसएसपी
खास बात
सरधना के खेड़ा गांव से फौजी के तीन साल के बेटे का हुआ था अपहरण
एसएसपी ने परिजनों सेे अकेले में दो घंटे तक बातचीत की