अमर उजाला ब्यूरो
परीक्षितगढ़।
सऊदी अरब में चालक की नौकरी करने गए एक युवक को कंपनी के कर्मचारियों द्वारा बंधक बनाने के मामले में बिजनौर सांसद कुंवर भारतेंद्र के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता सोमवार को विदेश मंत्रालय गए। उन्होंने युवक को वापस बुलाए जाने की व्यवस्था किए जाने मांग की। वहीं, विदेश मंत्रालय ने तीन दिन में बंधक युवक को मुक्त कराने एवं वापस बुलाने का आश्वासन दिया।
गांव अगवानपुर निवासी सुरेशपाल पुत्र उदयराम एक वर्ष पूर्व सऊदी अरब के अलसिया शहर स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी अल कुसेर में चालक की नौकरी करने गया था। वहां कुछ दिन बाद सड़क दुर्घटना होने पर गाड़ी पलट गई थी। जिसमें सऊदी अरब की पुलिस एवं बीमा कंपनी ने चालक को दोषी नहीं माना मगर कंपनी के कर्मचारियों ने चालक को दोषी मानकर बंधक बना लिया था। चालक से कंपनी के कर्मचारी मारपीट कर रहे हैं। पीड़ित ने वीडियो वायरल करके जानकारी दी कि कंपनी के कर्मचारी उससे 45 हजार रियाल जुर्माना मांग रहे हैं। यदि जुर्माना नहीं दिया तो उसे झूठे आरोप में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने वायरल वीडियो कर वापस भारत बुलाने की गुहार लगाई है। वहीं, सऊदी अरब में सुरेशपाल के बंधक होने पर परिजन भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके हैं। वहीं, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित परिवार और भाजपा नेता मोहित प्रजापति ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को पत्र लिखकर बंधक सुरेशपाल को मुक्त कराने तथा वापस बुलाने की मांग की थी। युवक को सऊदी अरब में बंधक बनाने के मामले में सोमवार को विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव से मुलाकात कर भारत वापस बुलाने की मांग की। जिस पर विदेश मंत्रालय में सऊदी अरब दूतावास को जानकारी दी। वहीं, तीन दिन में युवक को बंधक मुक्त कराकर वापस भारत मंगाने का आश्वासन दिया।
मौत बनकर दौड़ रहे ओवरलोड ट्रक
अमर उजाला ब्यूरो
परीक्षितगढ़।
गन्ने से ओवरलोड ट्रक सड़कों पर फिर से मौत बनकर दौड़ रहे हैं। इनसे मार्गों पर जाम के हालात बन रहे हैं। वहीं, हादसा होने की आशंका बढ़ गई है। सोमवार को मेरठ मार्ग पर फिर से गन्ना लदा ट्रक भीड़ में पलटने से बच गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, गत वर्ष भी ओवरलोड ट्रकों की चपेट में आकर कई घरों के चिराग बुझ चुके हैं, लेकिन प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं है।
शुगर मिल चालू होते ही गन्नों के ट्रक सड़कों पर बेरोकटोक दौड़ने लगते हैं। थोडे़ से लालच के चलते चालक ट्रक में ओवरलोड गन्ना लादकर चलते हैं। ऐसे में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं। गत वर्ष इन ट्रकों की चपेट में आकर कई लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा था। स्थानीय नागरिकों की मांग के बावजूद अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसके चलते ये ट्रक सड़कों पर यमराज की मानिंद दौड़ रहे हैं। हालांकि अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। सोमवार को मेरठ की ओर से मवाना जा रहा एक ट्रक भीड़ में पलटने से बमुश्किल बचा। ट्रक एक ओर झुका गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अधिकारियों से ओवलोड वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
गांधारी तालाब का भ्रमण किया
परीक्षितगढ़। अखिल विद्या समिति के निमंत्रण पर सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय संस्था इंटेक के सचिव एवं पूर्व आयुक्त आरके भटनागर ने गांधारी सरोवर का भ्रमण कर इसको स्वच्छ, सुंदर बनाने एवं रखरखाव करने की बाबत विचार प्रकट किए।
अखिल विद्या समिति नगर स्थित गांधरी सरोवर के सौंदर्यकरण एवं उसे पयर्टन स्थल घोषित कराने का प्रयास कर रही है। जिसके चलते पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी है। संस्था इंटेक के सचिव आरके भटनागर संस्था के पदाधिकारियों के साथ गांधारी सरोवर पहुंचे और परिसर का भ्रमण कर स्वच्छता, सुंदरता एवं रखरखाव की रूपरेखा तैयार की। अखिल विद्या समिति के अध्यक्ष विष्णु अवतार रूहेला ने कहा कि सामाजिक संगठन, जागरूक लोग सरकार से गांधारी सरोवर को पर्यटन स्थल घोषित कराने की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर वन दरोगा रविकांत चौधरी, राजस्व निरीक्षक सुशील शर्मा, लेखपाल रोहित शर्मा, दीपक शर्मा, डॉ. आरोही, नरेन्द्र शर्मा, कृष्णगोपाल शर्मा, रोहित वर्मा, रोहताश कुमार, संतराम सैनी, ओमवीर नागर, पूनम रूहेला, संगीता प्रजापति आदि मौजूद हैं।