थाना क्षेत्र के गांव पांची में ठेके पर कोल्हू चला रहा शामली निवासी ठेकेेदार रविवार को गुड़ की गाड़ी कोल्हू मालिक को बड़ौत मंडी को लेकर गया। इसके बाद ठेकेदार कोल्हू स्वामी को बड़ौत में ही फेंककर भाग गया। उधर, रविवार रात्रि में कोल्हू से मजदूर भी सामान लेकर चंपत हो गए। पुलिस सोमवार को कोल्हू स्वामी को बड़ौत से लेकर आई।
गांव पांची निवासी अमित त्यागी पुत्र छतर सिंह ने अपनी जमीन पर कोल्हू लगाया है। उसे शामली के थाना फुगाना क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने 80 हजार रुपये में ठेके पर ले लिया। अमित के परिजनों के अनुसार कोल्हू ठेकेदार ने क्षेत्र के किसानों से जमकर गन्ना खरीदा तथा गुड़ बनाकर हापुड़ गुड़ मंडी में बेचा। अमित की जमानत पर कोल्हू ठेकेदार ने हापुड़ मंडी से लाखों रुपये उधार ले लिये। अमित ने गांव से भी 50 हजार रुपये ठेकेदार को उधार दिलाए। अमित के अनुसार ठेकेदार रात-दिन गुड़ बना रहा था। उसने बताया कि बड़ौत मंडी का रेट ऊंचा है। वहीं पर बेचने जाएगा। अमित को ठेकेदार पर शक हुआ तो उसने अपने रुपये मांगे। इस पर ठेकेदार ने कहा कि वह उसे भी बड़ौत ले चलेगा तथा गुड़ बेचकर वहीं पर रुपये दे देगा। ठेकेदार शनिवार दोपहर में अमित को गाड़ी में बैठाकर गुड़ मंडी ले गया। आरोप है कि रविवार रात्रि में कोल्हू लेबर अपना और ठेकेदार का सामान लेकर चंपत हो गई। सोमवार सुबह अमित के परिजन कोल्हू पहुंचे तो शक हुआ। उन्होंने अमित के अपहरण की पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस लोकेशन के आधार पर बड़ौत पहुंची। वहां अमित मिला परंतु ठेकेदार गाड़ी सहित फरार हो गया। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर दी है। वहीं, इस बाबत थानाध्यक्ष प्रमोद गौतम ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बातें
पुलिस ने पीड़ित को बड़ौत से बरामद किया
कोल्हू की लेबर भी रात में सामान समेटकर फरार हो गई