परीक्षितगढ़। पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाश को दबोच लिया। उससे तमंचा और कारतूस बरामद किए। बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह ने बताया कि एसआई इंतजार हुसैन पुलिस टीम के साथ मेरठ मार्ग स्थित रजवाहे के समीप बुधवार को वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक चेकिंग होता देख वापस मेरठ मार्ग पर ग्राम खजूरी की ओर भागने लगा। पुलिस ने उसे संदिग्ध मानते हुए पीछा किया। उसे घेराबंदी करके ब्लॉक मुख्यालय के सामने दबोच लिया। उससे 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस बरामद कर थाने ले आई। पकड़ा गया बदमाश इकरार पुत्र अबरार निवासी खजूरी बताया। पुलिस ने बताया कि उक्त बदमाश लूट एवं चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। वह नगर के पीएनबी एवं अन्य स्थानों से बाइक, कार चोरी तथा लूट की घटना की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।