लूट की घटना को अंजाम देने जा रहे थे, खिर्वा जलालपुर के पास पकड़ा
सरधना। कोतवाली पुलिस ने रविवार रात लूटपाट की घटना को अंजाम देने जाते तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। उनके पास से तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
सरधना-दौराला गंगनहर पुल के निकट पुलिस रविवार रात चेकिंग कर रही थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि छोटा हाथी सवार कुछ बदमाश कंकरखेडा की तरफ से सरधना की ओर लूटपाट करने आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने खिर्वा जलालपुर के निकट सामने छोटा हाथी को रोकने की कोशिश की। इस पर उसमें सवार बदमाश वहां से भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बाद में पुलिस ने तीनों बदमाशों को दबोच लिया। पकडे़ गए बदमाश वसीम पुत्र नसीरुद्दीन व हनीस पुत्र नसीर निवासी कंकरखेड़ा और आशु उर्फ असमोहम्मद पुत्र मोहम्मद उमर निवासी खिर्वा हैं। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि पकडे़ गए बदमाश लूटपाट की घटना को अंजाम देने के लिए जा रहे थे। खिर्वा निवासी आशु पर हत्या, लूट और गोकशी के 14 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं जानी थाने पर भी बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। पकड़े गए बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।