तगादा करने पर हमले का प्रयास, दी तहरीर
मवाना। क्षेत्र के पक्का तालाब निवासी दो युवकों से तगादा करने आए मुजफ्फरनगर निवासी युवक के परिवार को युवकों ने हमले के इरादे से रोक लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। वहीं पीड़ित ने दोनों के खिलाफ तहरीर दी है।
मुजफ्फरनगर के सुजडू निवासी मो. नईम अब्बासी ने बताया कि वह सोमवार को परिवार के साथ मवाना खुर्द स्थित एक रिश्तेदार के यहां वलीमा में आया था। उसके पक्का तालाब निवासी दो लोगों पर 42 हजार रुपये उधार हैं। सुबह जब वह उनके पास पैसे लेने पहुंचा तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज कर पैसे देने से इंकार कर दिया। परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता की। इसके बाद वह मवाना खुर्द के लिए चले तो पांच छह बाइकों पर सवार लाठी डंडों से लैस युवकों ने उनका पीछा किया। उसने कार सहित थाने में घुसकर जान बचाई। इसके बाद पुलिस उनको मवाना खुर्द तक छोड़कर आई। शाम को वह परिवार समेत मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। इस पर दोबारा बाइक सवारों ने उनका पीछा किया। उसकी कार को घेरकर रोक लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दो युवकों को एक बाइक सहित पकड़ कर थाने ले आई। पीड़ित ने दो को नामजद करते हुए तहरीर दी है। दरोगा नीरज कुमार का कहना है कि पैसों के लेनदेन का विवाद हैं। जांच की जा रही है।
न्यायिक कार्य से विरत रहे वकील
मवाना। मवाना सिविल बार एसोसिएशन की बैठक सोमवार को बार हाल में हुई। सचिव समीर कुमार त्यागी ने बताया कि सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में केंद्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर सभी अधिवक्ता आज न्यायिक कार्य से विरत रहे। अग्रिम कार्रवाई मंगलवार 11 बजे होने वाली बैठक में की जाएगी। अध्यक्षता हेमंत गुप्ता तथा संचालन समीर कुमार त्यागी एडवोकेट ने किया।