मोदीपुरम। शीत गृह की दलित कर्मचारी ने प्रभारी और उसके चालक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि आरोपी शिकायत वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस पर एसएसपी ने पल्लवपुरम पुलिस को जांचकर कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
दलित कर्मचारी ने एसएसपी मंजिल सैनी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि वह बीती 29 जुलाई को शीत गृह की रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान शीत गृह के प्रभारी और उनका चालक आए और दुष्कर्म का प्रयास किया। उसने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। इस पर महिला ने किसी तरह भागकर जान बचाई तथा शिकायत पल्लवपुरम थाने में की। इसके बाद दोनों आरोपी बीती 23 अगस्त को उसके घर पहुंचे और शिकायत वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी। पल्लवपुरम पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। इस पर एसएसपी ने पल्लवपुरम पुलिस को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया। एसओ पल्लवपुरम सुभाष अत्री का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। हालांकि शीत गृह प्रभारी का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है। महिला ऐसा विभागीय कर्मचारियों के इशारे पर कर रही है। इस संबंध में मेरठ और लखनऊ के अधिकारियों अवगत करा दिया है।