चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लगा बदमाशों का सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
किठौर।
चार दिन पहले खंद्रावली में पड़ी डकैती के मामले में पुलिस बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए क्षेत्र के करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं सीओ किठौर ने डकैती के खुलासे के लिए पुलिस के साथ बैठक कर आवश्यक जानकारी ली। हिरासत में लिए गए लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। सीओ ने बताया की डकैती में कई बिंदुओं पर काम चल रहा है। कई टीमें खुलासे के लिए लगी हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा।
शनिवार रात खद्रावली गांव में किसान गुलजार पुत्र दिलशाद के मकान पर एक दर्जन बदमाशों ने लूटपाट की थी। विरोध करने पर दंपति के साथ मारपीट कर अधमरा कर दिया था। इसके बाद बदमाश घर में रखे करीब 33000 रुपये की नकदी, सोने,चांदी के जेवरात सहित लाखों का माल लूट कर ले गए थे। मामले की चोरी में रिपोर्ट दर्ज कर किठौर पुलिस ने इतिश्री कर ली। ग्रामीणों के हंगामे के बाद उच्चाधिकारियों की नींद खुली और मौके पर पहुंचे एसपी देहात राजेश कुमार तथा सीओ किठौर पंकज कुमार के निर्देश पर थाना प्रभारी ने डकैती में मामला दर्ज किया। इस मामले में एसएसपी मंजिल सैनी दहल ने भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से बातचीत की। जल्द घटना के खुलासे का आश्वासन दिया।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने परिवार को सांत्वना
सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर ने बुधवार को पीड़ित परिवार गुलजार के घर पहुंचे। उनको सांत्वना देकर उच्चाधिकारियों से बातचीत कर जल्द खुलासा कराने की मांग की। उन्होंने कहा की भाजपा सरकार में गुंडों का राज चल रहा है। आम आदमी सुरक्षित नहीं है। इस मौके आरिफ मंजूर, आरिफ, जाहिद कदीर, रईस आदि मौजूद रहे।