अवैध हथियारों के तस्कर ने शुक्रवार दोपहर जागृति विहार विस्तार योजना में पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक बदमाश फरार हो गया। जबकि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से 15 हजार का इनामी घायल हो गया। फरार आरोपी मवाना क्षेत्र का है।
एसएसपी मंजिल सैनी दहल ने बताया कि दोपहर को मुखबिर से सूचना मिली कि गढ़ रोड से जागृति विहार की तरफ बाइक सवार दो बदमाश अवैध हथियार लेकर जा रहे हैं। इस पर एसओ मेडिकल सतीश कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। विस्तार योजना के जंगल में जैसे ही पुलिस की जीप पहुंची तो एक बदमाश जंगल के रास्ते फरार हो गया। जबकि दूसरे बदमाश ने तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने फायरिंग की तो एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में लग गई। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी सिटी मान सिंह चौहान, एएसपी सतपाल सिंह, एएसपी अंकित मित्तल मौके पर पहुंचे। पुलिस घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल बदमाश फकरुद्दीन पुत्र मुंशी उर्फ अल्ला दिया निवासी अहमदगढ़ बढ़ला थाना परीक्षितगढ़ है। मौके से एक पैशन बाइक, चार तमंचे, आठ आध बने तमंचे और अन्य सामान बरामद हुआ है। बाइक कल्याण सिंह के नाम है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। फकरुद्दीन पर 15 हजार का इनाम है। उसके खिलाफ मवाना, परीक्षितगढ़, बहसूमा, मेडिकल, कोतवाली और मुजफ्फरनगर में 19 मुकदमे दर्ज हैं।
घर से मिले थे अवैध हथियार
एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि फकरुद्दीन पहले भी अवैध हथियार बनाने के मामले में जेल जा चुका है। छह माह पहले उसके घर से भारी संख्या में अवैध हथियार पकड़े थे। एक माह पहले उसने मवाना पुलिस पर फायरिंग भी की थी।
वेस्ट में फैला रखा है जाल
फकरुद्दी ने बताया कि उसने 2004 में मुजफ्फरनगर में रहकर अवैध तमंचे बनाने का काम अपने दोस्त खालापार निवासी साकिब से सीखा था। उसके बाद वह अपने गैंग के साथ तमंचे बनाने लगा। अवैध तमंचे 1300 रुपये से लेकर 2200 रुपये तक ऑन डिमांड बेचे जाते थे। मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर में अवैध तमंचे पहुंचाए जाते हैं।
खरखौदा में पहुंचाएं जाने थे तमंचे
पूछताछ में पता चला है कि अवैध तमंचे खरखौदा में पहुंचाए जाने थे। आरोपी परीक्षितगढ़ से जेल चुगीं चौराहे से मंगलपांडे नगर, आरटीओ रोड से होकर चाणक्यपुरी के रास्ते काजीपुर होकर खरखौदा बाइक से जाते थे। जिससे रास्ते में पुलिस की चेकिंग से बच सके।