अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
बेटा न होने से नाराज विदेश में बैठे पति ने फोन कर महिला को तलाक दे दिया। महिला ने तीन तलाक को मानने से इनकार करते हुए थाने पहुंचकर पति के खिलाफ तहरीर दी है।
भावनपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर स्थित नई बस्ती मोहल्ला निवासी नसीमा पुत्री सलीम मूल रूप से अकबरापुर बाद मवाना की रहने वाली है। नसीमा ने बताया कि उसका निकाह पांच वर्ष पूर्व खरदौनी, थाना इंचौली निवासी इसरार पुत्र इमामुद्दीन के साथ हुआ था। उससे एक बेटी चांदनी है। आरोप है कि उसका पति बेटी होने से पूर्व ही उसे छोड़कर साऊदी अरब चला गया था। वही से कभी-कभी फोन कर बात करता था। शनिवार को उसके पति का फोन आया तो उसने फोन पर ही तीन बार तलाक बोल दिया। वहीं भावनपुर इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जब तक जिंदा हूं तब तक नहीं मानूंगी तलाक
नसीमा ने बताया कि वह जब तक जिंदा है तब तक इस प्रकार से दिए गए तलाक को नहीं मानेगी। नसीमा ने बताया कि जब से बेटी हुई है तभी से उसका पति को उससे नफरत करने लगा था। उसको बेटा चाहिए था। नसीमा ने आरोप लगाया कि उसका पति पहले से ही शादीशुदा था। जबकि उसने निकाह से पहले ये बात छिपाई थी।
बेटी से नहीं करता ठीक से बात
नसीमा ने बताया निकाह के बाद वह अपनी मां कुबरा और भाई नसीम के साथ अब्दुल्लापुर में आकर रहने लगी थी। आरोप है कि उसका पति बेटी चांदनी से भी ठीक से बात नहीं करता है।
खास बातें
सऊदी से फोन कर बोला तीन तलाक, महिला ने तलाक को मानने से इंकार करते हुए दी तहरीर